
शिक्षा, संस्कार और सम्मान का संगम बना इलाही बख्श स्कूल का समारोह।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
अफजलगढ़। इलाही बख्श पब्लिक स्कूल में शनिवार को पद स्थापना एवं अलंकरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुरान की तिलावत के साथ हुआ। समारोह में विद्यार्थियों को बैज लगाकर विभिन्न पदों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। परेड प्रदर्शन में ब्लयू हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ग्रीन और रेड हाउस संयुक्त रूप से दूसरे तथा येलो हाउस तीसरे स्थान पर रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हाजी अब्दुल कय्यूम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्कूली शिक्षा के दौरान मिलने वाले मार्गदर्शन और संस्कारों को जीवन में अपनाकर सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से देशसेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक मुफ्ती मोहम्मद इरफान कासमी ने समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले एडवोकेट सीताराम पिपलिया और हाजी अख्तर सिद्दीकी को शॉल ओढ़ाकर ‘शाने वफा अवार्ड’ से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन से ही आदर्श नागरिक बनने की नींव पड़ती है। मजबूत नींव ही जीवन में सफलता का आधार बनती है, इसलिए विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।
प्रशासनिक अधिकारी अथहर महमूद सिद्दीकी ने कहा कि पद स्थापना एवं अलंकरण समारोह विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और जिम्मेदारी की भावना पैदा करता है। इससे उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित होती है और वे भविष्य में देश एवं समाज के लिए उपयोगी नागरिक बन सकते हैं।
समारोह के दौरान मुजीबुरहमान, एडवोकेट सीताराम पिपलिया, असगर सिद्दीकी और मास्टर असद ने हाउस निरीक्षण कर परेड का मूल्यांकन किया। शपथ ग्रहण के दौरान विद्यार्थियों को बैज पहनाकर उनके दायित्व सौंपे गए। मुख्य अतिथि हाजी अब्दुल कय्यूम ने ध्वज सलामी ली, जबकि फ्लैग मार्च और परेड का ग्रुप कमांड आसिफ अहमद ने किया। परेड और ध्वज सलामी के दौरान मैदान का माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए पत्रकार सुनील कुमार को भी सम्मानित किया गया। हाउस निरीक्षण के परिणाम घोषित होने के बाद विजेता हाउसों ने मैदान में ध्वज पताका के साथ मार्च निकाला, जिसका विद्यार्थियों ने जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद सुल्तान, हुदा, फिजा, सायमा अकील और अनम खान ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में नगर के प्रतिष्ठित नागरिक शमशाद वफा, रिजवान वफा, मोहम्मद वसीम अहमद, फराहीम, वली उल्लाह, नदीम वफा और नवेद विसाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।







