
तीनपानी फ्लाईओवर पर बड़ा सड़क हादसा, तेज रफ्तार में पलटी कार; SSP ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में तेज रफ्तार एक बार फिर सड़क हादसे की वजह बनी। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को तीनपानी फ्लाईओवर के पास बाईपास रोड पर तेज गति से जा रही एक फोर्ड फिगो कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में चार लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK 02 A 2544 गोलापुल की ओर से लालकुआं की तरफ जा रहा था। दोपहर करीब 3:25 बजे तीनपानी फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क पर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई और संबंधित टीमों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए।
हादसे की सूचना पर खुद मौके पर पहुंचे SSP
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों को तत्परता से पूरा करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का कुशलक्षेम भी जाना और उनके उपचार के संबंध में जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभिभावकों से अपील—नाबालिग बच्चों को न दें वाहन
हादसे के बाद एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें और वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
उन्होंने लोगों से वाहन पर नियंत्रण बनाए रखने और सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की। पुलिस का संदेश स्पष्ट है कि तेज रफ्तार और थोड़ी-सी लापरवाही भी किसी की जिंदगी को खतरे में डाल सकती है।
अपील: सड़क पर सुरक्षित पहुंचना ही सबसे जरूरी है। गति पर नियंत्रण रखें, यातायात नियमों का पालन करें और अपने साथ-साथ दूसरों की जिंदगी की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।







