
रामनगर में वन विभाग का महाएक्शन, राष्ट्रीय एकता दिवस पर 81 अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर, 1100 जवानों ने घेरा पूरा इलाका।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रामनगर तराई क्षेत्र में वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 81 अवैध स्ट्रक्चर को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा और जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को जमींदोज किया गया।
इस बड़े ऑपरेशन की खास बात यह रही कि कार्रवाई को अंजाम देने के लिए करीब 850 पुलिसकर्मियों और 250 वनकर्मियों की तैनाती की गई थी। तराई डिवीजन, कॉर्बेट और रामनगर वन प्रभाग के वनकर्मियों से लेकर अधिकारी स्तर तक के कर्मचारियों ने अभियान में हिस्सा लिया। बड़े पैमाने पर मशीनरी का इस्तेमाल कर चिन्हित अतिक्रमणों को हटाया गया।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय वन अधिनियम के तहत पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई की गई। जिन मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं थी और जिन पर न्यायालय का स्टे नहीं था, उन्हीं अतिक्रमणों को कार्रवाई के लिए चिन्हित किया गया।
गौरतलब है कि अतिक्रमण हटाने के अभियान के पहले चरण में 51 अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए थे, जबकि दूसरे चरण में 81 स्ट्रक्चर पर बुलडोजर चला। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान थमने वाला नहीं है। अब बड़ा सवाल यह है कि अगले चरण में प्रशासन का बुलडोजर किन अवैध कब्जों पर चलेगा।



