
खून का रिश्ता, चोरी का कनेक्शन! लालकुआं में दो सगे भाई निकले शातिर चोर।
19 दिन तक पुलिस ने खंगाले 50 से ज्यादा CCTV कैमरे, डर्बी जंगल से दबोचे गए दोनों आरोपी; एक पर सात तो दूसरे पर तीन मुकदमे पहले से दर्ज
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
लालकुआं। लालकुआं में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने की वारदात का पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने इलाके में हलचल मचा दी है। चोरी की घटना को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने किसी बाहरी गिरोह के बजाय एक ही परिवार के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने करीब 2 लाख 69 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।
मामला आजाद नगर वार्ड नंबर चार का है। 17 अक्टूबर की रात मोहनी देवी के घर का ताला तोड़कर चोरों ने जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था। पीड़िता की शिकायत पर 23 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज होने के बाद एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार सुरागरसी और मुखबिर तंत्र के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची। आखिरकार 5 नवंबर को डर्बी जंगल क्षेत्र से विशाल मंडल उर्फ चीमा और उसके भाई विकास मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया।
चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस के मुताबिक विशाल के खिलाफ पहले से सात और विकास के खिलाफ तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी में दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी कान के कुंडल और पांच चांदी के सिक्के शामिल हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या दोनों आरोपी केवल इसी वारदात में शामिल थे या इनके आपराधिक नेटवर्क की अन्य कड़ियां भी हैं? पुलिस इनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।



