
दीपावली और धनतेरस पर नैनीताल पुलिस का हाईटेक पहरा, 233 सीसीटीवी कैमरों से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी, ड्रोन से भी रखी जाएगी नजर।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। दीपावली और धनतेरस के त्योहार पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना, आपराधिक गतिविधि और कानून व्यवस्था की चुनौती से निपटने के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीक के जरिए सुरक्षा का मजबूत इंतजाम किया है।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने हल्द्वानी स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (CCR) पहुंचकर सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान शहर के संवेदनशील, भीड़भाड़ वाले और प्रमुख स्थानों पर लगाए गए 233 सक्रिय सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और लाइव फुटेज की जांच की गई।
एसएसपी ने एसपी संचार रेवाधर मठपाल को निर्देश दिए कि सभी कैमरों की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही निगरानी व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
खास बात यह है कि इस बार त्योहारों के दौरान केवल सीसीटीवी कैमरों से ही नहीं, बल्कि ड्रोन के जरिए भी प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित थाना और चौकी को सूचित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस की इस हाईटेक निगरानी व्यवस्था का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आमजन और व्यापारियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखना है। नैनीताल पुलिस ने लोगों से शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से दीपावली एवं धनतेरस मनाने की अपील की है।



