
उत्तराखंड के 13 खिलाड़ी एशियन चैंपियनशिप में दिखाएंगे दमखम, पदकों का लक्ष्य लेकर UAE रवाना।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
काशीपुर। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर उत्तराखंड का परचम लहराने के इरादे से प्रदेश के 13 होनहार खिलाड़ी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के लिए रवाना हो गए हैं। मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के नेतृत्व में भारतीय टीम 2026 AMPC Asian Open Biathle, Triathle & Laser Run Championships में प्रतिभाग करेगी। खिलाड़ियों के रवाना होने से खेल जगत में उत्साह का माहौल है और प्रदेश को उनसे पदकों की उम्मीद है।
10 नवंबर को UAE के लिए रवाना हुई उत्तराखंड की 13 सदस्यीय टीम में आदित्य नेगी, करण नेगी, यशवर्धन सिंह चौहान, युक्ति चतुर्वेदी, सौर्य पटेल, अंश बिष्ट, ममता खाती, डिंपल, कनिष्क जोशी, तनिष्क जोशी, भार्गवी रावत, रघुवर्धन जोशी एवं दीपांशी भारद्वाज शामिल हैं।
प्रतियोगिता के कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर को एशियन ओपन लेजर रन चैंपियनशिप तथा 13 से 15 नवंबर तक एशियन ओपन बायथल एवं ट्रायथल चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। सभी खिलाड़ी लंबे समय से प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे हुए हैं।
मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष पंकज भल्ला, सचिव एवं मुख्य कोच दयाल सिंह, कोऑर्डिनेटर एवं कोच सुनीता चौहान, कोषाध्यक्ष आनंद सिंह बोरा, संयुक्त सचिव अनुराग पंत, रमेश खरकवाल एवं गोपाल बिष्ट ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
वहीं जिला खेल अधिकारी ऊधम सिंह नगर, जिला खेल अधिकारी नैनीताल श्रीमती निर्मला पंत, जानकी कार्की एवं विशेष खेल सचिव अमित सिन्हा ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि खिलाड़ी अपनी मेहनत, प्रतिभा और खेल कौशल के दम पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश और उत्तराखंड के लिए पदक जीतकर लौटेंगे। खिलाड़ियों की वापसी पर प्रदेश में उनका भव्य स्वागत करने की भी तैयारी रहेगी।
उत्तराखंड के इन 13 खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचना प्रदेश में मॉडर्न पेंटाथलॉन खेल को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।












