
निर्माणाधीन भवन बना लुटेरों का निशाना, गार्ड से मारपीट कर लूटने वाले चार गिरफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने निर्माणाधीन भवन में गार्ड के साथ मारपीट कर कॉपर वायर और CCTV कैमरे का एडॉप्टर लूटने के मामले का खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया कॉपर वायर भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को हीरानगर चौकी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन में लूट की घटना हुई थी। आरोपियों ने भवन में तैनात गार्ड के साथ मारपीट कर बिजली का कॉपर वायर और CCTV कैमरे का एडॉप्टर जबरन लूट लिया था। मामले में चिकित्सक डॉ. अरुण जोशी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा FIR संख्या 383/2026 धारा 309(4) BNS के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और सीओ लव शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सुरागरसी-पतारसी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आदेश कुमार (30), विकास कश्यप (24), शिवम कश्यप (23) और कमल घोष उर्फ बिल्लू सांडा (20), सभी निवासी हल्द्वानी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पॉलीकैब कंपनी के 4 एमएम और 2.5 एमएम कॉपर वायर के दो डिब्बे तथा करीब छह किलोग्राम जली हुई कॉपर वायर बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संजीत राठौर, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल ललित नाथ शामिल रहे।
नोट: पुलिस प्रेस विज्ञप्ति में CCTV एडॉप्टर की बरामदगी का उल्लेख नहीं है।












