
*SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की सख्ती से नहीं बच पाए हत्यारे, बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या का पर्दाफाश*
*पुरानी रंजिश में रची गई हत्या की साजिश, रामनगर पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को दबोचा, आला कत्ल बरामद*
उधम सिंह राठौर प्रधान संपादक
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर के किशनपुर छोई में 56 वर्षीय विमला देवी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल ने अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना से अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
10 नवंबर को विमला देवी का शव किशनपुर छोई में एक घर के बाहर पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस और एसओजी टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते और बाद में वाहन से शव को घटनास्थल के पास फेंकते दिखाई दिए।
पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल (32) को गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो साथी सैरान (21) और मोहम्मद अब्बूजर (22) को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय दबोचा, जब वे फरार होने की फिराक में थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, लोहे का पाना, पत्थर, घटना में प्रयुक्त वाहन UK04 AN6012 और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा बरामद किया है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने 2 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।












