
नैनीताल पुलिस में बड़ा फेरबदल, छह थाना प्रभारियों को भावुक विदाई; दूसरे जिलों में संभालेंगे नई जिम्मेदारी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस में तैनात छह निरीक्षकों के स्थानांतरण पर मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधिकारियों की कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और प्रभावी पुलिसिंग की जमकर सराहना की। अधिकारियों को स्मृति चिह्न और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
स्थानांतरित होने वालों में कालाढूंगी के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी ऊधमसिंह नगर, हल्द्वानी के विजय सिंह मेहता बागेश्वर, भवाली के प्रकाश सिंह मेहरा अल्मोड़ा, तल्लीताल के हरपाल सिंह बागेश्वर, बनभूलपुरा के दिनेश सिंह फर्त्याल पिथौरागढ़ और मुखानी के सुशील चंद्र जोशी अल्मोड़ा में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
विदाई समारोह में एसएसपी ने कहा कि सभी अधिकारियों ने नैनीताल जिले में कानून व्यवस्था, वीआईपी ड्यूटी और जनहित से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी सेवाओं को पुलिस विभाग हमेशा याद रखेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी नई तैनाती में भी इसी ऊर्जा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे।
इस मौके पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में अधिकारियों के अनुभव साझा करने के दौरान माहौल भावुक भी नजर आया।












