
नाबालिग से दरिंदगी और होमस्टे की लापरवाही पर सख्ती, अब ठिकाने पर लगा सरकारी ताला।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग के साथ हुए गैंगरेप प्रकरण में पुलिस और जिला प्रशासन ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने कथित अपराध में इस्तेमाल किए गए त्रिशूल होमस्टे को सील कर दिया है। इस कार्रवाई से मामले में होमस्टे की भूमिका और वहां बरती गई लापरवाही भी जांच के दायरे में आ गई है।
जानकारी के मुताबिक, नाबालिग को बिना पहचान पत्र (आईडी) सत्यापन के होमस्टे में कमरा उपलब्ध कराया गया था। आरोप है कि इसी परिसर का इस्तेमाल पॉक्सो एक्ट से जुड़े गंभीर अपराध को अंजाम देने के लिए किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने पूरे होमस्टे परिसर को सील कर दिया।
गौरतलब है कि इस मामले में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब अपराध में इस्तेमाल किए गए ठिकाने पर भी प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है।
प्रशासन की ओर से होमस्टे संचालन, पहचान पत्रों के सत्यापन और अन्य अनियमितताओं को लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन और नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। अपराध करने वालों के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन कर उन्हें ठिकाना उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।












