
महिलाओं के हुनर को मिलेगा राष्ट्रीय बाजार, हल्द्वानी में 24 नवंबर से सजेगा सरस मेले का मंच।
उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक
हल्द्वानी। उत्तराखंड की महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के हुनर को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए हल्द्वानी में बड़ा मंच सजने जा रहा है। 24 नवंबर से एमबी इंटर कॉलेज मैदान में शुरू होने वाला राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला-2026 इस बार कारोबार, संस्कृति और स्वरोजगार का केंद्र बनेगा। 3 दिसंबर तक चलने वाले इस मेले में देश के विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूहों और व्यापारियों की भागीदारी रहेगी। मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक उत्पाद, हस्तशिल्प और स्थानीय हुनर देखने के साथ खरीदारी का भी अवसर मिलेगा।
मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। खास बात यह है कि स्टॉलों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। कमर्शियल स्टॉल के लिए 30 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। ऐसे में इच्छुक व्यापारियों और स्वयं सहायता समूहों के पास पंजीकरण कराने का मौका है।
प्रशासन इस आयोजन को केवल प्रदर्शनी तक सीमित रखने के बजाय महिला समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के अवसर के रूप में देख रहा है। मेले में सुरक्षा, चिकित्सा, बिजली, आवास, परिवहन और खानपान की व्यवस्था के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं
सीडीओ ने अधिकारियों को समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से मेले का शुभारंभ करने का अनुरोध भी किया है।












