मुख्यमंत्री ने किया ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफ.एम. मोबाइल एप का लोकार्पण।
उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक
देहरादून, शुक्रवार।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से सामुदायिक रेडियो हैलो हल्द्वानी 91.2 एफ.एम. के मोबाइल एप का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल उत्तराखंड के शिक्षा और संस्कृति क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने शिक्षा को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुँचाने और आधुनिक तकनीक से नवाचार को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामुदायिक रेडियो का यह एप देश और प्रदेश के हर कोने तक पहुँचकर समाज और संस्कृति की आवाज़ को और सशक्त करेगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने और आत्मनिर्भरता का आधार है। इसी सोच के तहत राज्य के सभी 13 जनपदों में उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि युवा न केवल शिक्षा प्राप्त करें बल्कि रोजगारपरक कौशल भी सीख सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब विश्वविद्यालय और कौशल विकास केंद्र मिलकर कार्य करेंगे तो उत्तराखंड के युवा नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनेंगे। यह प्रयास प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करेगा।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने देहरादून में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का एक प्रमुख केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह केंद्र शिक्षा, प्रशिक्षण, शोध, नवाचार और डिजिटल शिक्षा का प्रमुख हब बनेगा।
इस अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी और आपदा राहत के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष हेतु 01 लाख 49 हजार रुपये का चेक मुख्यमंत्री को प्रदान किया।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत, कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट सहित विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग


