अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘सेल्फ डिफेंस’ कार्यशाला, SSP नैनीताल ने दिया सशक्तिकरण का संदेश।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर नैनीताल पुलिस की ओर से एक विशेष पहल की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में हल्द्वानी कोतवाली स्थित मीटिंग हॉल में एक दिवसीय ‘सेल्फ डिफेंस टेक्नीक्स एवं अपराध जागरूकता कार्यशाला’ का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में महिला पुलिस कर्मियों और अन्य प्रतिभागियों को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए गए। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट ताइक्वांडो कोच रीतिका जोशी और महिला हेल्पलाइन प्रभारी सुनीता कुंवर ने प्रतिभागियों को सिंगल और डबल हैंड ग्रैप डिफेंस, हेयर पुल डिफेंस, नाइफ अटैक डिफेंस सहित कई महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। साथ ही दैनिक उपयोग की वस्तुओं के माध्यम से आत्मरक्षा के तरीके भी बताए गए।
इस अवसर पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने महिला पुलिस कर्मियों को “Physically Fit और Mentally Hit” बनने का संदेश देते हुए कहा कि महिलाएं अपनी क्षमता और आत्मविश्वास से समाज में सुरक्षा और सेवा का मजबूत उदाहरण पेश कर सकती हैं। उन्होंने उत्तराखंड की महिलाओं की शक्ति की सराहना करते हुए उन्हें आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया।
कार्यक्रम के दौरान महिला अपराधों से संबंधित नए कानूनी प्रावधानों पर आधारित एक डिजिटल जागरूकता पोस्टर का भी अनावरण किया गया। एसएसपी ने थानों में तैनात महिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा या मारपीट की घटनाओं को केवल घरेलू विवाद तक सीमित न रखा जाए, बल्कि संबंधित धाराओं में तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे।
इसके साथ ही कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। इनमें ताइक्वांडो प्रशिक्षक, चिकित्सा क्षेत्र से डॉ. नंदिता (नेत्र सर्जन), महिला पार्षद, पत्रकारिता जगत की महिलाएं और महिला पुलिस कर्मी शामिल रहीं।
कार्यक्रम का संचालन उपनिरीक्षक कुमकुम धनिक ने किया। इस अवसर पर सीओ रामनगर सुमित पांडे, पार्षद हेमा भट्ट, नेहा अधिकारी, बबली वर्मा, बीना चौहान, तनुजा जोशी, भागीरथी बिष्ट, पत्रकार दया जोशी, वंदना आर्या, अंजली पंत सहित बड़ी संख्या में महिला पुलिस कर्मी मौजूद रहीं।
मीडिया सेल
नैनीताल पुलिस.


















