अग्निवीरों के भविष्य पर सरकार का भरोसा, धामी ने दी 10% आरक्षण की जानकारी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
भराड़ीसैंण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को भराड़ीसैंण में अग्निवीर सैनिक बनने वाले कैडेट्स के साथ संवाद कर उनके सवालों के जवाब दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीरों के भविष्य की सुरक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है और राज्य सरकार ने वर्दीधारी पदों में अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने मुख्यमंत्री से सेना, परिवार और राजनीति से जुड़े कई सवाल पूछे। शंकर सिंह राणा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना में जाना बेहद सम्मान की बात है और उन्होंने अपने पिता के साथ रहते हुए सैनिक जीवन के अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि वे भी उसी अनुशासन और समर्पण की भावना से प्रदेश की देवतुल्य जनता की सेवा कर रहे हैं।
हिमांशु रौतेला के परिवार को समय देने से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक जीवन में जिम्मेदारियां बहुत अधिक होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी लोग उनका परिवार हैं और सभी गांव उनके अपने गांव हैं।
ओ.पी. कण्डारी के अग्निवीरों के भविष्य से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्दीधारी पदों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया है, वहीं केंद्र सरकार भी विभिन्न क्षेत्रों में अग्निवीरों को अवसर प्रदान कर रही है।
रितेश पंवार के “धाकड़ धामी” नाम से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि का व्यवहार जनता के प्रति सौम्य होना चाहिए, लेकिन राज्यहित में कई बार कठोर और साहसिक निर्णय भी लेने पड़ते हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है जिसने समान नागरिक संहिता लागू की है। इसके अलावा प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून भी लागू किए गए हैं।
अमन सेमवाल के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके चेहरे की मुस्कान का राज प्रदेश की जनता का आशीर्वाद है, जो उन्हें लगातार काम करने की ऊर्जा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की विशेषता है कि यहां लगभग हर परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना या अर्द्धसैन्य बलों में सेवा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना तेजी से आत्मनिर्भर बन रही है और रक्षा क्षेत्र में भारत का निर्यात भी लगातार बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून में भव्य सैन्यधाम का निर्माण किया जा रहा है, जहां राज्य के वीर बलिदानियों की गौरवगाथाओं को संजोया जाएगा।
इस अवसर पर अजय कोठियाल (सेनि.), यूथ फाउंडेशन के संस्थापक, पूर्व सैनिक और अग्निवीर कैडेट्स भी मौजूद रहे।


















