जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत सख्त, कई मामलों का मौके पर समाधान।
उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक
हल्द्वानी, 18 अप्रैल 2026।
हल्द्वानी कैंप कार्यालय में शनिवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध निर्माण, धोखाधड़ी, अतिक्रमण, पारिवारिक विवाद और ओबीसी प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण प्रकरण सामने आए, जिन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान भवाली क्षेत्र के जितेंद्र कुमार ने ड्रग लाइसेंस आवेदन बार-बार निरस्त होने की समस्या उठाई। मामले का संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए, जिसके बाद 17 अप्रैल 2026 को उनका लाइसेंस आवेदन स्वीकृत कर दिया गया।
मंगल पड़ाव निवासी विद्यावती ने अपने दिवंगत पति की दो साल की बकाया सैलरी दिलाने की गुहार लगाई। आयुक्त ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए शीघ्र भुगतान कराने का आश्वासन दिया।
वहीं रामनगर की पार्वती रावत ने जमीन विवाद का मामला उठाया, जिस पर आयुक्त ने तहसीलदार रामनगर को जांच कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
एक अन्य मामले में बरेली रोड निवासी माया जोशी ने आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की फीस जमा न कर पाने की समस्या रखी। इस पर आयुक्त ने स्कूल प्रबंधन से वार्ता कर मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराया।
जनसुनवाई के दौरान आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है, और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



