ऑपरेशन प्रहार में बड़ी कामयाबी, 16 लाख की स्मैक संग तस्कर गिरफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” और ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को काठगोदाम थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान कुंवरपुर बाईपास से गौला नदी जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 54.80 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख 44 हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलशाद (34 वर्ष), निवासी इंद्रा नगर काबुल का गेट, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरेली के इज्जतनगर से स्मैक खरीदकर लाया था और हल्द्वानी क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में था।
मामले में थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 53/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक नशा तस्करों के खिलाफ 20 मामले दर्ज कर 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान कुल 1 किलो 385 ग्राम 366 मिलीग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ 15 लाख 60 हजार 80 रुपये आंकी गई है।
एसपी सिटी हल्द्वानी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे समाज को नुकसान पहुंचाता है। युवाओं से नशे से दूर रहने और अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गई है।



