कुंभ 2027 की तैयारियां तेज: हरिद्वार में शहरी विकास मंत्री ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।

कुंभ 2027 की तैयारियां तेज: हरिद्वार में शहरी विकास मंत्री ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
ख़बर शेयर करें -

कुंभ 2027 की तैयारियां तेज: हरिद्वार में शहरी विकास मंत्री ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।

उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

हरिद्वार, कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में राज्य के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को हरिद्वार पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कुंभ से जुड़ी सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि देश की आध्यात्मिक राजधानी है, इसलिए कुंभ 2027 का आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बनाया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर पीएम के संबोधन का सीएम धामी ने किया समर्थन, विपक्ष पर साधा निशाना।

बैठक में मंत्री ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से इस महापर्व को भव्य स्वरूप दिया जाएगा।

मंत्री कैड़ा ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सड़कों के सुधारीकरण, पर्याप्त पार्किंग, बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन, घाटों के विस्तार और अनुरक्षण, स्ट्रीट लाइट और शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार में बड़ी कामयाबी, 16 लाख की स्मैक संग तस्कर गिरफ्तार।

उन्होंने यह भी बताया कि कुंभ 2027 के लिए राज्य सरकार द्वारा 300 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं, जबकि केंद्र सरकार से भी 500 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। सभी कार्यों की निरंतर निगरानी की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान मंत्री ने प्रमुख साधु-संतों और अखाड़ों के प्रतिनिधियों से भेंट कर उनका आशीर्वाद भी लिया और कुंभ से जुड़ी व्यवस्थाओं पर सुझाव प्राप्त किए।

बैठक में सचिव शहरी विकास नितेश झा और मेलाधिकारी सोनिका ने तैयारियों की प्रगति की जानकारी दी। बताया गया कि राज्य मद से 55 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 36 स्थायी और 19 अस्थायी कार्य शामिल हैं। अधिकांश कार्य प्रगति पर हैं और शेष पर जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  चारधाम यात्रा में खाने-पीने की व्यवस्था हाईटेक, मोबाइल वैन से होगी जांच।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि शहर में अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने कुंभ के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विस्तृत योजना प्रस्तुत की।

कुल मिलाकर, कुंभ 2027 को लेकर हरिद्वार में तैयारियां तेज हो गई हैं और प्रशासन इसे भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटा हुआ है।