उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट 2026: हाईस्कूल 92.10% और इंटर 85.11% पास, बेटियों ने फिर मारी बाजी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने शुक्रवार को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परीक्षाफल घोषित कर दिया। इस वर्ष दोनों कक्षाओं का परिणाम पिछले साल से बेहतर रहा, जिससे छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल है।
इंटरमीडिएट का परिणाम 85.11%
इंटरमीडिएट परीक्षा में 1,02,986 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,00,452 परीक्षा में शामिल हुए और 85,499 उत्तीर्ण घोषित किए गए। कुल परिणाम 85.11% रहा।
बालिकाओं ने 88.09% सफलता के साथ बाजी मारी, जबकि बालकों का परिणाम 81.93% रहा। संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 85.93% और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 61.48% रहा।
इस वर्ष 7,814 छात्रों ने 75% से अधिक अंक प्राप्त किए। प्रथम श्रेणी में 41,507, द्वितीय में 34,987 और तृतीय श्रेणी में 330 परीक्षार्थी सफल हुए।
इंटर टॉपर्स:
संयुक्त रूप से प्रथम स्थान गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता ने 98.00% (490/500) अंक के साथ हासिल किया।
द्वितीय स्थान आर्यन (97.80%) और तृतीय स्थान वंशिका (97.00%) ने प्राप्त किया।
हाईस्कूल में 92.10% सफलता
हाईस्कूल परीक्षा में 1,12,266 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1,08,983 परीक्षा में शामिल हुए और 1,00,373 उत्तीर्ण घोषित किए गए। कुल परिणाम 92.10% रहा।
यहां भी बालिकाएं आगे रहीं—96.07% सफलता के साथ, जबकि बालकों का परिणाम 88.03% रहा। संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 92.47% और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 65.05% रहा।
सम्मान सहित उत्तीर्ण छात्रों की संख्या 7,935 रही।
हाईस्कूल टॉपर्स:
अक्षत गोपाल ने 98.20% (491/500) अंक के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।
द्वितीय स्थान इशांत कोठारी और भूमिका (98.00%) तथा तृतीय स्थान योगेश जोशी (97.80%) ने प्राप्त किया।
बागेश्वर रहा अव्वल
जनपद बागेश्वर इंटर में 94.81% और हाईस्कूल में 96.98% परिणाम के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा।
पिछले वर्ष से बेहतर प्रदर्शन
इस वर्ष इंटर में 1.88% और हाईस्कूल में 1.33% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो शिक्षा व्यवस्था में सुधार का संकेत है।
छात्र-छात्राएं अपना परिणाम परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।


