लालकुआ में ग्राम प्रधान की दबंगई का वीडियो वायरल, महिला-बच्चों से मारपीट का आरोप, जांच में जुटी पुलिस।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
लालकुआ क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ग्राम प्रधान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कथित रूप से ग्राम प्रधान रमेश जोशी एक महिला और छोटे बच्चों के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें लात-घूंसों से मारते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने इलाके में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
मामले में पीड़ित महिला ने कोतवाली लालकुआ में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो को भी अहम साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है और पूरे प्रकरण की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी प्रधान का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है, जिससे उसकी कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
इसी बीच यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी द्वारा पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए पुलिस कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करने की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस ने साफ कर दिया है कि किसी भी प्रकार का दबाव या प्रदर्शन जांच प्रक्रिया को प्रभावित नहीं करेगा।
पुलिस विभाग का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है और यदि जांच में आरोपी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


