
14 वर्षीय जसकिरत सिंह ने रचा इतिहास, 15 सेकंड में 39 जंपिंग जैक्स लगाकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
कुआंखेड़ा। उत्तराखंड की दक्षिणी सीमा पर बसे ग्राम कुआंखेड़ा के 14 वर्षीय छात्र जसकिरत सिंह ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नैनीताल कॉन्वेंट स्कूल, अगवानपुर में कक्षा 10 के छात्र जसकिरत ने महज 15 सेकंड में 39 जंपिंग जैक्स लगाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
जसकिरत सिंह, पुत्र स्वर्ण सिंह, ने वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन लाइव जुड़कर अपना प्रदर्शन किया। उनकी प्रतिभा को देखते हुए संबंधित संस्था ने रिकॉर्ड को मान्यता देते हुए उनका नाम ‘बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया।
इस उपलब्धि के लिए जसकिरत को आगामी 15 तारीख को बिजनौर कलेक्ट्रेट में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने खुशी जताई। लोगों ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जसकिरत की यह उपलब्धि बताती है कि कम उम्र में भी लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ाने के लिए भी करना चाहिए।
गांव के इस होनहार छात्र की सफलता से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। अब सभी की निगाहें जसकिरत की आगामी उपलब्धियों पर टिकी हैं।



