
*🚔 SSP डॉ. मंजुनाथ TC की पैनी नजर से नहीं बच सके शातिर चोर — 25 लाख से ज्यादा के सोने-चांदी के गहने बरामद*
*हल्द्वानी व मुखानी पुलिस टीम ने 03 शातिर गिरफ्तार कर खोला चोरी गैंग का राज*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान बरामद किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को 2500 रुपये के इनाम से सम्मानित किया।
पहला मामला कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र का है, जहां हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी ने 5 मई 2026 को तहरीर देकर बताया कि 1 मई को वह परिवार सहित कोटाबाग गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मामले में एफआईआर संख्या 147/26 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं दूसरा मामला थाना मुखानी क्षेत्र का है, जहां पूरनपुर कृष्णापुर निवासी लक्ष्मण सिंह ने घर का ताला तोड़कर नकदी, घड़ी, हेलमेट और पायल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय पूछताछ के आधार पर पुलिस को हरिद्वार नंबर की बाइक पर घूम रहे संदिग्धों की जानकारी मिली।
पुलिस ने 9 मई को बेल बाबा मंदिर के पास से प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, गुरविंदर और रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार के सपेरा समुदाय से हैं और नैनीताल घूमने आए थे। वापसी के दौरान बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।
तीनों आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के हार, मंगलसूत्र, पायल, अंगूठियां, चोकर, कमरबंद सहित बड़ी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों में से गुरविंदर के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पूरे मामले के सफल खुलासे में कोतवाली हल्द्वानी और थाना मुखानी की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




