विद्युत कटौती और भारी बिलों को लेकर कॉर्बेट रिजॉर्ट्स जीएम एसोसिएशन में रोष, 10 दिन का अल्टीमेटम।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। पर्यटन सीजन के दौरान लगातार विद्युत कटौती और अपेक्षा से अधिक विद्युत बिल आने से नाराज जिम कॉर्बेट रिजॉर्ट्स जीएम एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता गोविंद सिंह कार्की से मिलने पहुंचे। एसोसिएशन ने विभिन्न समस्याओं को लेकर विभाग के प्रति अपना रोष व्यक्त किया और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि मई और जून माह में कॉर्बेट क्षेत्र के आसपास स्थित अधिकांश रिजॉर्ट्स को लंबे समय तक पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पाई। पर्यटन सीजन के दौरान रिजॉर्ट्स में ठहरे पर्यटकों को विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संचालकों को मजबूरी में जनरेटर चलाने पड़े। इससे रिजॉर्ट्स को अतिरिक्त रूप से भारी मात्रा में डीजल खर्च वहन करना पड़ा।
एसोसिएशन ने यह भी सवाल उठाया कि जब मई और जून में विद्युत आपूर्ति लगातार बाधित रही, तो इसके बावजूद रिजॉर्ट्स को भारी धनराशि के विद्युत बिल क्यों भेजे गए। जुलाई माह में भी विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर एसोसिएशन ने विभागीय कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
स्मार्ट मीटर की रीडिंग पर भी उठाए सवाल
रिजॉर्ट्स संचालकों ने स्मार्ट मीटर से संबंधित बिलों को लेकर भी अपनी शंकाएं अधिशासी अभियंता के सामने रखीं। उनका कहना था कि विद्युत आपूर्ति अधिकांश समय बाधित रहने के बावजूद कई रिजॉर्ट्स के बिल अपेक्षाकृत अधिक आए हैं। ऐसे में स्मार्ट मीटर की रीडिंग की विभागीय स्तर पर शीघ्र जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए, ताकि रिजॉर्ट्स संचालकों की शंकाओं का समाधान हो सके।
वार्ता के दौरान अधिशासी अभियंता की ओर से चेक मीटर लगाने तथा पावर फैक्टर की जांच कराने का सुझाव दिया गया। हालांकि, विद्युत आपूर्ति को निर्बाध और सुचारू बनाए जाने को लेकर एसोसिएशन को कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।
10 दिन का दिया समय, मांग पूरी न होने पर धरने की चेतावनी
अधिशासी अभियंता ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू करने के लिए एसोसिएशन से एक सप्ताह का समय मांगा। वहीं, एसोसिएशन ने विभाग को एक सप्ताह के बजाय 10 दिन का समय दिया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो एसोसिएशन विद्युत विभाग के कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठने को मजबूर होगी।
एसोसिएशन ने कहा कि कॉर्बेट क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है और यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रिजॉर्ट संचालकों की जिम्मेदारी है। लगातार विद्युत कटौती के कारण न केवल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है, बल्कि पर्यटकों के सामने भी परेशानी उत्पन्न होती है। ऐसे में विभाग को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करना चाहिए।
ये रहे मौजूद
शिष्टमंडल में जिम कॉर्बेट रिजॉर्ट्स जीएम एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव कुमार साह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र लार्ड, उपाध्यक्ष सुंदर सिंह बिष्ट, यशपाल नेगी, एनडी पालीवाल, पुष्कर गोस्वामी, मनोज कोठारी, प्रकाश पांडे, दीपक मठपाल, केवल उपाध्याय, नरेश सुयाल, सुभाष भट्ट, अनिल नेगी, राजेंद्र रावत, दीपक शर्मा, मदन सिंह बिष्ट, गौरव सिंह मन्हास और सुरेंद्र सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।




