
बनभूलपुरा में नशा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 50 नशीले इंजेक्शनों के साथ 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 नशीले इंजेक्शनों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 3 नवंबर 2026 को बनभूलपुरा पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान गोलापार्किंग के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से कुल 50 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शानू उर्फ राजा (21 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय याकूब, निवासी गफूर बस्ती, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 25 Buprenorphine और 25 Avil इंजेक्शन बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा संख्या 189/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ज्योति कोरंगा, कांस्टेबल मोहम्मद यासीन और लक्ष्मण शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



