
शादी की खुशियां मातम में बदलीं! रामनगर में मौत बनकर दौड़ी कार, ऑटो को कई बार पलटाया, महिला की मौत, दूसरी जिंदगी और मौत से जूझ रही।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में नेशनल हाईवे-309 पर चिल्किया के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने यातायात सुरक्षा और ओवरलोडिंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पीछे से तेज रफ्तार में आई स्विफ्ट डिजायर कार ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर कई बार पलटता चला गया। हादसे में 50 वर्षीय रुखसाना की मौत हो गई, जबकि 30 वर्षीय चांदनी का पैर एड़ी के पास से कटकर अलग हो गया। कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार रामनगर के खताड़ी निवासी रुखसाना अपने परिवार के सदस्यों के साथ ऑटो संख्या UK18TA-1804 में सवार होकर पीरूमदारा स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। बताया जा रहा है कि ऑटो में छोटे बच्चों समेत करीब 12 लोग सवार थे। इसी दौरान चिल्किया में राइस मिल के पास पीछे से आई स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK19TA-1298 ने ऑटो को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार पांच घायलों को अस्पताल लाया गया, जिनमें दो की हालत गंभीर थी। एक घायल के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि चांदनी का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बाद उसे विशेषज्ञ उपचार के लिए भेजने की तैयारी की गई।
मृतका के बेटे नासिर ने बताया कि परिवार शादी में शामिल होने जा रहा था। ऑटो में बच्चे भी मौजूद थे और टक्कर के बाद वाहन कई बार पलट गया। उन्होंने कार चालक के मौके से चले जाने की बात भी कही।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सड़कों पर क्षमता से अधिक सवारियां लेकर दौड़ रहे वाहनों पर निगरानी कौन रखेगा? ऑटो में करीब 12 लोगों के सवार होने की बात सामने आने के बाद ओवरलोडिंग और यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद खताड़ी क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक परिवार शादी की खुशियों में शामिल होने निकला था, लेकिन घर लौटने से पहले ही परिवार को ऐसा जख्म मिल गया, जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सके।



