गुलदार का खूनी हमला: महिला की मौत, वन विभाग पर लापरवाही के आरोप, 19 दिन में दूसरी वारदात।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। जिले में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को भीमताल ब्लॉक के ज्योली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घास काटने जंगल गई 47 वर्षीय महिला को गुलदार ने हमला कर मार डाला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, ज्योली गांव निवासी हेमा पांडेय (47) अन्य महिलाओं के साथ दोपहर में जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गुलदार उन्हें पकड़कर घने जंगल की ओर घसीट ले गया। महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
2 घंटे बाद 2 किमी दूर मिला शव
घटना के बाद ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक जंगल में तलाश अभियान चलाया। इसके बाद गांव से लगभग 2 किलोमीटर दूर महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
19 दिन में दूसरी घटना, बढ़ी दहशत
बताया जा रहा है कि 3 अप्रैल को भी सूर्या जाला गांव में गुलदार ने एक महिला को अपना शिकार बनाया था। महज 19 दिनों के भीतर दूसरी घटना से ग्रामीणों में भय और गहरा गया है।
वन विभाग पर लापरवाही के आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि लगातार हमलों के बावजूद वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जिसके चलते गुलदार अब आबादी के करीब पहुंच रहे हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में तत्काल पिंजरे लगाए जाएं, नियमित गश्त बढ़ाई जाए और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


