कुमाऊँ में स्वास्थ्य सेवाओं पर आयुक्त दीपक रावत सख्त, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश।

ख़बर शेयर करें -

कुमाऊँ में स्वास्थ्य सेवाओं पर आयुक्त दीपक रावत सख्त, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश।

 

उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

 

नैनीताल। कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को नैनीताल स्थित आयुक्त कार्यालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मंडल के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्थाओं और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

 

 

आयुक्त ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता, आवश्यक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान से जनता तक पहुंच रहा प्रशासन: मुख्यमंत्री धामी।

 

 

बैठक में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (टीबी) की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने टीबी रोगियों की समयबद्ध स्क्रीनिंग और नोटिफिकेशन में आ रही समस्याओं का समाधान करने, फील्ड स्तर पर संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा खराब मशीनों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

 

 

वर्षाकाल को देखते हुए उन्होंने हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे गर्भवती महिलाओं से नियमित संपर्क बनाए रखें और संभावित प्रसव से पहले उन्हें सुरक्षित रूप से अस्पताल या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार का बड़ा धमाका! 1.121 किलो चरस के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार।

 

 

 

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने विद्यालयों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच और बीमारियों की प्रारंभिक पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना तथा संचारी और गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।

बरसात के मौसम में डेंगू और अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए आयुक्त ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव रोकने, कूलर, टायर, गमलों और अन्य स्थानों पर जमा पानी की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा फॉगिंग, लार्वा नियंत्रण और अन्य निवारक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  रानीखेत को जाम से मिलेगी राहत! दो मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं को मिली रफ्तार।

बैठक में कैंसर मरीजों के लिए रोडवेज यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी रखा गया। वहीं सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक अफवाहों पर चिंता जताते हुए आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत लगाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी केवल अधिकृत सरकारी स्रोतों से ही प्राप्त करें और किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें।


ख़बर शेयर करें -