SSP मंजुनाथ टीसी के सख्त एक्शन से कांपे अपराधी, ₹25 हजार का इनामी हत्यारोपी आखिरकार पुलिस गिरफ्त में।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर/हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में अपराधियों के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर कालाढूंगी पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस के मुताबिक थाना कालाढूंगी में दर्ज FIR संख्या-37/2026 धारा 103(1) BNS से जुड़े मामले में आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। आरोपी पर आरोप है कि उसने वैभव कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की थी, जिसमें गंभीर रूप से घायल वैभव कुमार की बाद में Sir Ganga Ram Hospital में उपचार के दौरान मौत हो गई।
हत्या के इस सनसनीखेज मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल द्वारा आरोपी पर ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश जारी थी।
एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अरुण सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने आखिरकार आरोपी को देवलचौड़ रोड स्थित रामजी विहार गेट नंबर-4 के सामने से धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुकुल जैन पुत्र रमेश चन्द्र जैन निवासी गंगोत्री विहार, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी टीम
- व0उ0नि0 पंकज जोशी
- कांस्टेबल अखिलेश तिवारी
- कांस्टेबल तेजपाल
नैनीताल पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।


