गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में ईवीसीएल क्रिकेट लीग के नाम पर 32 लाख की ठगी का खुलासा
SSP नैनीताल के निर्देश पर काठगोदाम पुलिस ने आरोपी लीग मालिक को किया गिरफ्तार, बैंक खाते फ्रीज
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी (नैनीताल)।
गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित की जाने वाली बहुचर्चित ईवीसीएल (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) के नाम पर की गई बड़ी ठगी का नैनीताल पुलिस ने खुलासा किया है। क्रिकेट लीग के आयोजन का झांसा देकर दो टीम मालिकों से कुल 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को काठगोदाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए थे। उनके आदेश पर की गई कार्रवाई में आरोपी के दो बैंक खातों को भी फ्रीज कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 05 फरवरी 2026 को वादी हेमंत शर्मा निवासी झज्जर (हरियाणा) एवं नारायण पाल, पूर्व विधायक सितारगंज, निवासी हल्द्वानी द्वारा थाना काठगोदाम में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि ईवीसीएल क्रिकेट लीग के मालिक विकास ढाका ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भागीदारी का दावा कर उनसे भारी रकम वसूल ली, लेकिन टूर्नामेंट का आयोजन नहीं कराया।
शिकायत के आधार पर थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 13/2026 व 14/2026, धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
ऐसे दिया गया धोखाधड़ी को अंजाम
आरोपी विकास ढाका ने हरभजन सिंह, इरफान पठान, प्रवीण कुमार, मनप्रीत गोनी सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय एवं रणजी खिलाड़ियों की भागीदारी का झांसा दिया।
-
हेमंत शर्मा से यूपी वॉरियर्स टीम की फ्रेंचाइजी के नाम पर 23 लाख रुपये वसूले गए।
-
वहीं नारायण पाल से उत्तराखंड सोल्जर्स टीम के नाम पर नगद व प्रचार सामग्री सहित 9 लाख रुपये लिए गए।
टूर्नामेंट की शुरुआत 01 फरवरी 2026 को प्रस्तावित थी, लेकिन तय तिथि गुजरने के बाद भी आयोजन नहीं हुआ। बाद में यह भी सामने आया कि जिन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम लिए जा रहे थे, उन्हें आयोजन की कोई जानकारी ही नहीं थी।
गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी विकास ढाका को 06 फरवरी 2026 को मल्ला काठगोदाम से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त
-
नाम: विकास ढाका
-
पिता का नाम: यशवीर सिंह ढाका
-
निवासी: A-162, सेक्टर नोएडा, उत्तर प्रदेश
-
उम्र: 35 वर्ष
पुलिस टीम
-
उपनिरीक्षक दिलीप सिंह
-
उपनिरीक्षक नीतू
-
कांस्टेबल करतार सिंह
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बड़े आयोजन या निवेश से पूर्व उसकी प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें, ताकि ठगी से बचा जा सके।
— मीडिया सेल, नैनीताल पुलिस






