
कॉर्बेट में पर्यटकों का महाकुंभ! खुलने से पहले ही ढिकाला फुल, 15 नवंबर से शुरू होगा जंगल का रोमांच।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखने वाले जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन का नया रोमांच शुरू होने जा रहा है। छह महीने से बंद पड़े विश्व प्रसिद्ध ढिकाला जोन के दरवाजे 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खुल जाएंगे। लेकिन इस बार खास बात यह है कि जंगल में पर्यटकों की एंट्री शुरू होने से पहले ही कॉर्बेट का सबसे पसंदीदा पर्यटन स्थल हाउसफुल हो चुका है। नाइट स्टे के लिए पर्यटकों में ऐसा जबरदस्त क्रेज है कि ऑनलाइन बुकिंग की उपलब्ध तारीखें पहले ही फुल हो गई हैं।
मानसून के चलते 15 जून को बंद हुए ढिकाला जोन में अब एक बार फिर देशी-विदेशी सैलानियों की चहल-पहल दिखाई देगी। कॉर्बेट प्रशासन ने नए पर्यटन सत्र को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। वन सड़कों की मरम्मत से लेकर विश्राम गृहों के रिनोवेशन और शौचालय सहित अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त किया गया है।
इस बार कॉर्बेट प्रशासन ने विदेशी पर्यटकों को लेकर भी बड़ा कदम उठाया है। ढिकाला में चार कमरे विशेष रूप से विदेशी सैलानियों के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनकी बुकिंग 90 दिन पहले कराई जा सकेगी। खास बात यह भी है कि विदेशी पर्यटक अब अपने देश में बैठकर अपनी स्थानीय करेंसी में ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।
वहीं, जंगल के कोर एरिया में वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध जारी रहेगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक साकेत बडोला के मुताबिक, पर्यटकों के स्वागत के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। 15 नवंबर से शुरू होने वाला यह पर्यटन सत्र रामनगर के होटल, रिसॉर्ट, जिप्सी कारोबार और स्थानीय व्यापारियों के लिए भी बड़ी उम्मीद लेकर आ रहा है।
अब देखना होगा कि इस पर्यटन सीजन में कॉर्बेट कितने नए रिकॉर्ड बनाता है।












