

रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस अलर्ट।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में बनभूलपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। सरकारी कार्यवाही के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
बनभूलपुरा क्षेत्र में तैनात पुलिस बल की कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में ब्रीफिंग की गई। इस दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने और किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक बलजीत सिंह भाकुनी, सीएफओ गौरव किरार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भारी पुलिस बल की तैनाती
पुलिस के अनुसार शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनभूलपुरा क्षेत्र में सुपर जोन, जोन, एसपी, सीओ, निरीक्षक, उपनिरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मियों सहित बड़ी संख्या में बल तैनात किया गया है। इसके अलावा पीएसी की दो कंपनियां और ड्रोन की दो विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी।
सुरक्षा व्यवस्था में अग्निशमन विभाग की चार यूनिट, यातायात पुलिस की चार टीमें, बम निरोधक दस्ता, हॉक पुलिस की दो यूनिट, टियर गैस और एंटी रायट की दो-दो टीमें तथा फायरिंग स्क्वाड की दो टीमें भी शामिल हैं।
ड्रोन से होगी निगरानी
संवेदनशील क्षेत्र में धरातलीय निगरानी के साथ-साथ ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी। पुलिस छतों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखेगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी रहेगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने, लोगों को गुमराह करने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
छतों पर पत्थर-मलबा जमा करने वालों पर कार्रवाई
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यक्ति या समूह द्वारा उपद्रव की नीयत से छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा, हथियार या हथियारनुमा वस्तुएं जमा की जाती हैं तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की आम जनता से अपील
नैनीताल पुलिस ने आम जनता से न्यायालय के निर्णय का सम्मान करने, शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित न करने की भी अपील की है।



















