भीमताल-नौकुचियाताल मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 2.45 करोड़ स्वीकृत, जल्द शुरू होगा सुधारीकरण कार्य: कैड़ा।

ख़बर शेयर करें -

भीमताल-नौकुचियाताल मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 2.45 करोड़ स्वीकृत, जल्द शुरू होगा सुधारीकरण कार्य: कैड़ा।

 

उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

 

 

भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल ब्लॉक में लंबे समय से खराब पड़े भीमताल-नौकुचियाताल मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए 2 करोड़ 45 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो गई है। शासन की ओर से इसका शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा।

 

 

 

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि मोटर मार्ग खराब होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के दौरान सड़क की स्थिति खराब होने से ग्रामीणों की दिक्कतें और बढ़ जाती थीं। ग्रामीणों ने मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग उनके समक्ष रखी थी।

 

 

 

जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मार्ग की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। अब शासन से 2.45 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद उन्होंने अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद जल्द ही मोटर मार्ग पर सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

 

 

 

मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना है।

 

 

 

इस दौरान मंत्री कैड़ा ने अमजड़, सुवाकोट पोखरी, करायल, क्वेदल, दिनी सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। सड़क सुधारीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय जनता ने मंत्री कैड़ा का आभार जताया।

 

 

मंत्री कैड़ा ने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। इस दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है।


ख़बर शेयर करें -