उपनिरीक्षक से निरीक्षक बने सुशील जोशी, एसएसपी ने कंधों पर सजाए सितारे।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी, 29 जुलाई। नैनीताल पुलिस परिवार के लिए बुधवार का दिन गौरवपूर्ण रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी की अध्यक्षता में एसएसपी कार्यालय हल्द्वानी में पदोन्नति के उपलक्ष्य में पीपिंग सेरेमनी आयोजित की गई। इस दौरान थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी को उपनिरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने पर एसएसपी ने उनके कंधों पर अलंकार एवं सितारे सजाकर शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पदोन्नति पुलिस अधिकारी के उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरीक्षक सुशील जोशी अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ नई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
2001 में कांस्टेबल पद से शुरू किया था सफर
निरीक्षक सुशील चंद्र जोशी मूल रूप से ग्राम शांतिपुरी, ऊधमसिंह नगर के निवासी हैं। उन्होंने 10 अक्टूबर 2001 को उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती होकर सेवाकाल की शुरुआत की। उनकी पहली तैनाती जनपद हरिद्वार में हुई।
वर्ष 2008 में विभागीय पदोन्नति परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वे उपनिरीक्षक बने। पीटीसी मुरादाबाद से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उनकी पहली नियुक्ति उपनिरीक्षक के रूप में उत्तरकाशी में हुई। वर्ष 2010 में उनका स्थानांतरण नैनीताल हुआ, जहां उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर, ज्योलीकोट, मल्ला, काठगोदाम, लामाचौड़, मेडिकल और बैलपड़ाव सहित विभिन्न चौकियों में चौकी प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं।
वर्ष 2020 में उनका स्थानांतरण पिथौरागढ़ हुआ। यहां उन्होंने थानाध्यक्ष बेरीनाग और वरिष्ठ उपनिरीक्षक, कोतवाली पिथौरागढ़ जैसे महत्वपूर्ण दायित्व संभाले। इसके बाद नैनीताल लौटने पर उन्होंने विभिन्न चौकियों में चौकी प्रभारी और वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा के रूप में सेवाएं दीं। वर्तमान में वे थानाध्यक्ष मुखानी के पद पर कार्यरत हैं।
पीपिंग सेरेमनी में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, वाचक एसएसपी रमेश सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निरीक्षक सुशील जोशी को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




