*एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने भावुक माहौल में दी विदाई, पुलिस कर्मियों की सेवाओं को किया सलाम*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल जनपद पुलिस में कार्यरत दो पुलिसकर्मियों एवं एक अनुचर के ऐच्छिक सेवानिवृत्ति के अवसर पर गुरुवार को कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में सम्मानपूर्वक विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस परिवार की उपस्थिति ने माहौल को भावुक बना दिया।
कार्यक्रम में एस.पी. संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान एस.एस.पी. नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा भी सभी कार्मिकों के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में अपर उप निरीक्षक (एएसआई) केदार सिंह, हेड कांस्टेबल अकिल मलिक एवं अनुचर भोलानाथ शामिल रहे। तीनों ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान विभिन्न जनपदों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और विभागीय कार्यों में सराहनीय योगदान दिया।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवा काल के अनुभव साझा किए, जिससे उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारी भावुक हो उठे। एस.पी. संचार ने अपने संबोधन में कहा कि इन कर्मियों की सेवाएं पुलिस विभाग के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगी। उन्होंने सभी को सेवानिवृत्ति के बाद स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जीवन जीने की सलाह दी।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, पुलिस कार्यालय हल्द्वानी एवं कोतवाली हल्द्वानी के अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से सभी सेवानिवृत्त कार्मिकों को उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी गई।


