
पत्नी की फोटो पर अश्लील कमेंट करना पड़ा भारी, फर्जी इंस्टाग्राम ID बनाने वाला गिरफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला की फोटो पर अश्लील एवं आपत्तिजनक कमेंट करने के मामले में रामनगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी बार-बार फर्जी आईडी बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से पीड़िता को परेशान कर रहा था।
मामले में वादी अरुण कुमार ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम पर लगातार फर्जी आईडी बनाई जा रही है। इन आईडी पर उनकी पत्नी की फोटो लगाकर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं एवं आमजन को परेशान करने तथा साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस व साइबर सेल की टीम ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण के जरिए फर्जी इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान की।
जांच के बाद पुलिस ने जितेंद्र सैनी पुत्र श्याम लाल, निवासी पूछड़ी, थाना रामनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किया, जिसकी जांच में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की बात कही गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कोतवाली रामनगर में FIR संख्या 284/2026, धारा 79 BNS तथा 67A, 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं को परेशान करने, अश्लील टिप्पणियां करने अथवा फर्जी पहचान बनाकर साइबर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










