
नशा तस्करों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 7.553 किलो गांजा बरामद; दो महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने गुल्लरघट्टी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत पांच गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और घरों से कुल 7.553 किलोग्राम अवैध गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और गांजे की पुड़िया बनाने में इस्तेमाल होने वाली पन्नियां बरामद की हैं।
यह कार्रवाई एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में की गई। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए गुल्लरघट्टी नई बस्ती में संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, कामेश त्यागी के कमरे से 800 ग्राम गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पुड़िया बनाने वाली पन्नियां बरामद हुईं। पुलिस ने उसे मौके पर गांजे की पुड़िया तैयार करते हुए पकड़ा। विजय सागर के कमरे से 465 ग्राम तथा भरत उर्फ बब्लू के कमरे से 975 ग्राम गांजा और पन्नियां बरामद की गईं।
इसी कार्रवाई में नाजिया पत्नी अजीम को गांजे की पुड़िया बनाते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 3.798 किलोग्राम गांजा और पन्नियां बरामद हुईं। वहीं नगमा पत्नी मोहसीन के कब्जे से 1.405 किलोग्राम गांजा और पुड़िया बनाने में प्रयुक्त पन्नियां बरामद की गईं।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी गुल्लरघट्टी नई बस्ती, रामनगर के निवासी हैं। बरामदगी के आधार पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 289/26, 290/26 और 291/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कामेश त्यागी के खिलाफ रामनगर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के दो पुराने मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, उपनिरीक्षक वीरेंद्र बिष्ट, मनोज सिंह अधिकारी, जोगा सिंह, हर्ष बहादुर पाल, उपनिरीक्षक सुष्मिता राणा समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।










