कैंची धाम मेले के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, 13 से 16 जून तक कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन।

ख़बर शेयर करें -

कैंची धाम मेले के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, 13 से 16 जून तक कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन।

 

उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

 

 

नैनीताल। श्री कैंची धाम स्थापना दिवस एवं वार्षिक मेले-2026 को लेकर नैनीताल पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। 15 जून को होने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रम में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए 13 जून से 16 जून तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  चोरी की बाइक पर फर्राटा, कमर में तमंचा... पुलिस ने एक झटके में किया खेल खत्म।

दिल्ली, एनसीआर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद और रामपुर रोड की ओर से आने वाले वाहनों को काठगोदाम स्थित निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा, जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा। वहीं रामनगर, कालाढूंगी और लालकुआं की ओर से आने वाले वाहनों को भीमताल स्थित विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।

नैनीताल, ज्योलीकोट, धारी और मुक्तेश्वर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भवाली के सैनिटोरियम पार्किंग स्थल की व्यवस्था की गई है, जबकि अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले वाहनों को खैरना पार्किंग में रोका जाएगा और वहां से शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  "जस्सागाँजा में डंपरों के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क पर धरना; SDM के आश्वासन पर एक दिन के लिए आंदोलन स्थगित"

मेले के दौरान भारी माल वाहनों पर विशेष प्रतिबंध लगाया गया है। 13 जून की सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक और 14 जून से 16 जून की रात 11 बजे तक भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी निर्धारित समयावधि में ही संचालित हो सकेंगे

केएमओयू और रोडवेज बसों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। 14 जून की दोपहर 2 बजे से 16 जून की दोपहर 12 बजे तक अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाली बसों को भवाली-कैंचीधाम मार्ग के बजाय रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से संचालित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  कैंचीधाम बाईपास कल से शुरू, जाम से मिलेगी राहत; आपदा और स्वास्थ्य तैयारियों पर मुख्यमंत्री का फोकस।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा से पहले जारी ट्रैफिक प्लान का अध्ययन कर निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, जिससे सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम दर्शन कर सकें।