

जहाँ ठगों का खेल खत्म, वहीं SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी का एक्शन शुरू ,सटीक रणनीति से अंतर्राष्ट्रीय साईबर सिंडिकेट ध्वस्त, मुख्य सरगना राहुल यादव सहित 6 गिरफ्तार दो नाबालिक संरक्षण में, 11 मोबाइल, 12 सिम, 24 एटीएम, लैपटॉप, चेकबुक, पासबुक और लाखो की धनराशि बरामद।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मुखानी थाना क्षेत्र में संचालित एक कथित अंतरराष्ट्रीय साइबर वित्तीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एसओजी, साइबर सेल और मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर गिरोह के मुख्य सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 5-6 सितंबर की रात लक्ष्मण विहार कॉलोनी स्थित एक मकान में सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान राहुल यादव निवासी इंदौर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि गिरोह पिछले करीब चार महीनों में 5 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध साइबर लेन-देन में शामिल रहा है।
जांच में सामने आया कि गिरोह क्रिप्टोकरेंसी USDT की खरीद-फरोख्त के साथ अनधिकृत UMASTER ऐप का इस्तेमाल करता था। इसके अलावा स्थानीय लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक और पासबुक हासिल किए जाते थे। इन म्यूल खातों के जरिए रकम की निकासी और दूसरे खातों में ट्रांसफर किया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.18 लाख रुपये नकद, बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप, आईपैड, करीब दो दर्जन एटीएम कार्ड, 12 सिम कार्ड, चेकबुक और पासबुक समेत अन्य सामान बरामद किया है।
मामले में मुखानी कोतवाली में मु0अ0सं0 141/2026, धारा 66(C), 66(D) आईटी एक्ट तथा 3(5), 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दो अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।



















