*🚔 SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की निगरानी में नैनीताल पुलिस की शानदार व्यवस्था*
*🔥 पूरी रात बाबा के रंग में रंगा कैंची धाम: तारों की छांव में भक्तगण कर रहे बाबा जी के दर्शन, एक लाख से पार हुआ आंकड़ा*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेला 2026 में आस्था का ऐसा अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां तेज बारिश भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक सकी। बाबा नीम करौली महाराज के दरबार में सुबह 5 बजे से लेकर सायं आरती तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माथा टेका और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिनभर कैंची धाम में लगी रहीं। बारिश की फुहारों के बीच भक्तों के चेहरों पर बाबा के दर्शन की उत्सुकता साफ दिखाई दे रही थी। श्रद्धा और विश्वास के इस महासंगम में हर कोई बाबा के जयकारों के साथ भक्ति में लीन नजर आया।
मेला क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की कमान स्वयं एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने संभाली। पुलिस और प्रशासन ने शटल सेवा, ट्रैफिक प्रबंधन, चरणबद्ध दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा के ऐसे इंतजाम किए कि भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
बारिश में भीगते हुए पुलिस जवान, प्रशासनिक अधिकारी और सेवादार लगातार श्रद्धालुओं की सहायता करते रहे। वृद्ध, दिव्यांग, महिलाओं और बच्चों को विशेष सहयोग प्रदान किया गया। वहीं एसपी संचार रेवाधर मठपाल के निर्देशन में कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए पूरे मेला क्षेत्र पर पैनी नजर रखी गई।
श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इतनी विशाल भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था बेहद सुगम, सुरक्षित और अनुशासित रही। कैंची धाम में उमड़ी यह आस्था की लहर एक बार फिर साबित कर गई कि बाबा नीम करौली महाराज के प्रति भक्तों की श्रद्धा किसी भी परिस्थिति से बड़ी है।




