तोता घाटी में पलटी चारधाम यात्रियों की बस, 39 श्रद्धालु सवार; बड़ा हादसा टला।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देवप्रयाग। चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस शनिवार को तोता घाटी के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। बस में कुल 39 यात्री सवार थे। हादसे में 3 से 4 यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं। समय रहते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार बस रुद्रप्रयाग से हरिद्वार की ओर जा रही थी। जैसे ही बस थाना देवप्रयाग क्षेत्र के अंतर्गत तोता घाटी के पास पहुंची, चालक का संतुलन बिगड़ने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस, आपदा प्रबंधन टीम और 108 एम्बुलेंस सेवा तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस और बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस से ऋषिकेश अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में किसी प्रकार की गंभीर जनहानि नहीं हुई है। बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मौके पर पुलिस ने राहत कार्यों के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखी, जिससे मार्ग पर आवागमन सामान्य बना रहा।
टिहरी पुलिस ने पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का अनुपालन करने की अपील की है




