गिरिजा देवी मंदिर में चला स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। गिरिजा देवी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को पार्क प्रशासन एवं जिम कॉर्बेट नेचर गाइड एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर, पार्किंग स्थल और सार्वजनिक क्षेत्रों से कूड़ा-कचरा एकत्र कर उसका निस्तारण किया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिम कॉर्बेट नेचर गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद बुधानी ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में चल रहे भंडारे के दौरान कई श्रद्धालु उपयोग की गई प्लेटों को इधर-उधर फेंक रहे थे, जिससे गंदगी फैल रही थी। उन्होंने कहा कि भंडारा आयोजकों को भोजन वितरण के साथ-साथ कचरे के उचित प्रबंधन और सफाई की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
विनोद बुधानी ने सुझाव दिया कि मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले भंडारों में पर्यावरण अनुकूल साल के पत्तों से बनी जैविक प्लेटों का उपयोग अनिवार्य किया जाए। इसके अलावा कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिसर की सफाई सुनिश्चित करने की व्यवस्था भी की जानी चाहिए।
उन्होंने वन विभाग से मंदिर परिसर, कोसी नदी और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है।
अभियान में जिम कॉर्बेट नेचर गाइड एसोसिएशन के सदस्यों एवं पार्क प्रशासन के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर सहयोग करने का संकल्प लिया।




