होटलों और गेस्ट हाउसों पर प्रशासन की सख्ती, अग्नि सुरक्षा में खामियां मिलने पर चालानी कार्रवाई।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी, 10 जून 2026। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में जनसुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए गठित संयुक्त समिति ने बुधवार को हल्द्वानी और काठगोदाम क्षेत्र के विभिन्न होटलों एवं गेस्ट हाउसों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में राजस्व, फायर, पर्यटन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
संयुक्त टीम ने होटल कुटुम्ब, होटल इमपिरियो, होटल रेडियम और एन.जेड. गेस्ट हाउस का स्थलीय निरीक्षण कर अग्निशमन विभाग की एनओसी, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, जल भंडारण, अग्निशमन के लिए जल उपलब्धता तथा पार्किंग सहित विभिन्न सुरक्षा मानकों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां और अभिलेखीय त्रुटियां पाई गईं। इस पर संयुक्त समिति ने मौके पर ही चालानी कार्रवाई करते हुए संबंधित संचालकों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
इसके अलावा निरीक्षण में दो होटलों का पर्यटन विभाग में पंजीकरण नहीं पाया गया, जिस पर पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नियमानुसार कदम उठाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और होटलों, गेस्ट हाउसों सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




