
रामनगर में गौकशी का बड़ा खुलासा, 120 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। रामनगर कोतवाली पुलिस ने गौकशी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से करीब 120 किलोग्राम प्रतिबंधित गौमांस और मांस काटने के उपकरण बरामद किए गए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
खास बात यह है कि पुलिस ने इस मामले में कथित तौर पर गौवंश उपलब्ध कराने वाले पशु स्वामी को भी आरोपी बनाया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान एक संगठित गौ तस्करी गिरोह से जुड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।
रामनगर कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए प्रभारी क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक वीरेंद्र बिष्ट द्वारा चेकिंग के दौरान बड़ी मस्जिद के पास स्थित स्लाटर हाउस में कार्रवाई की गई थी। पुलिस के पहुंचने पर मौके से आरोपी फरार हो गए थे। तलाशी के दौरान वहां से करीब 120 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस और मांस काटने के उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र एवं सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फैजी पुत्र रियासत अली (21 वर्ष) और अयान पुत्र नदीम (24 वर्ष), दोनों निवासी मीट मार्केट के पास ब्लॉक रोड, खताड़ी रामनगर, को पंजाबी कब्रिस्तान पुलिया के पास मालधन रोड से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। इनमें कथित तौर पर गौवंश उपलब्ध कराने वाला पशु स्वामी भी शामिल है, जिसे पुलिस ने मामले में नामजद किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
सीओ विमल प्रसाद ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों और पुलिस अधिकारियों के आदेशों के क्रम में गौकशी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि रामनगर में संचालित बड़ी मीट की दुकानों की जांच कराए जाने के लिए उपजिलाधिकारी रामनगर को पत्राचार किया जाएगा। पुलिस अब मामले में सामने आए नेटवर्क की अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है।




