
रामनगर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग, युवाओं के प्रतिनिधिमंडल ने CMS को सौंपा ज्ञापन।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। रामदत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय रामनगर की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं का प्रतिनिधिमंडल अस्पताल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने CMS तपन शर्मा से मुलाकात कर मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की और विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
वार्ता के दौरान अस्पताल में डॉक्टरों एवं अन्य स्टाफ की कमी, ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं, अस्पताल परिसर के विभिन्न हिस्सों में साफ-सफाई, शौचालयों की स्वच्छता, पीने के पानी के लिए वाटर कूलर, विभिन्न रोगों की जांच, मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली दवाइयों तथा पार्किंग व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। इसके अलावा अस्पताल पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं, मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए ऑनलाइन पेमेंट की व्यवस्था शुरू करने की मांग भी रखी गई।
CMS तपन शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सामने रखी गई समस्याओं के समाधान के लिए अस्पताल प्रशासन अपने स्तर से लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने डॉक्टरों एवं कर्मचारियों की कमी, पार्किंग, पेयजल और ऑनलाइन पेमेंट सहित अन्य समस्याओं का जल्द समाधान कराने की बात कही।
वार्ता के दौरान यह भी सहमति बनी कि स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और अस्पताल प्रशासन मिलकर अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संयुक्त प्रयास करेंगे, ताकि रामनगर के साथ-साथ कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र से आने वाले मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। युवाओं को साथ लेकर क्षेत्र की समस्याओं को उठाने और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
इस दौरान छात्र संघ अध्यक्ष कृष्णा ठाकुर, छात्र संघ कोषाध्यक्ष संक्रांत सिंह, पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष करन बिष्ट, कमलेश बिष्ट, सौरभ छिमवाल, रवि तिवारी, नीरज मेहरा, महेंद्र आर्य, नीरज रावत, संजय रौतेला, अनुज अधिकारी, करन आर्य, विशाल आर्य, काकू, पारस, हिमांशु आर्य, जितेंद्र, नवीन गोस्वामी, अभय मेहरा, गौरव बिष्ट, संजय गिरी, रवि कुमार, कोमल, मनप्रीत सिंह सहित कई युवा मौजूद रहे।




