

🇮🇳 सीमांत बनबसा में शहीद स्मारक और विशाल तिरंगे का लोकार्पण, सीएम धामी ने वीर शहीदों को किया नमन।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
बनबसा। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा बनबसा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिक स्मारक एवं झंडा पार्क का पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
एसएसबी जवानों के बिगुल वादन के बीच मुख्यमंत्री समेत उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान विशाल राष्ट्रध्वज तिरंगा भी फहराया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्र में शहीद स्मारक और विशाल तिरंगे का लोकार्पण गौरव और सम्मान का क्षण है। यह स्मारक देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के साहस, त्याग और बलिदान की यादों को हमेशा जीवंत रखेगा और आने वाली पीढ़ियों को देश सेवा के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्रों को अब देश के ‘अंतिम क्षेत्र’ के बजाय ‘पहले क्षेत्र’ के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण तथा वीर शहीदों की स्मृतियों को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं स्वयं एक सैनिक का पुत्र हूं, इसलिए सैनिकों के सम्मान से जुड़े इस पावन कार्य में सहभागी बनना मेरे लिए अत्यंत भावुक और गर्व का विषय है।” उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों की भूमि है और प्रदेश के लगभग हर परिवार का सेना या अर्धसैनिक बलों से किसी न किसी रूप में जुड़ाव रहा है।
वीर नारियों और वीरता पदक विजेता सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीर नारियों, वीर माता और वीरता पदक विजेता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वीर नारियों में सरस्वती देवी, लक्ष्मी देवी, कमला देवी, खीमा देवी, माया चन्द, सरस्वती देवी, ललिता चन्द, गीता देवी और पिंकी रैसवाल शामिल रहीं।
इसके अलावा वीर माता लक्ष्मी देवी, माता स्व. नायक खीम सिंह तथा सेना मेडल से सम्मानित सूबेदार गोपाल दत्त शर्मा को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने वीर नारियों और भूतपूर्व सैनिकों से संवाद किया तथा एसएसबी जवानों के साथ फोटो खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान सर्वोपरि है और राज्य सरकार सैनिकों, वीर नारियों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (से.नि.), एसएसबी कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम सहित अन्य अधिकारी, सेवानिवृत्त सैनिक, वीर माताएं और वीर नारियां मौजूद रहीं।




















