
2 साल से फरार लूट के आरोपी को हल्द्वानी पुलिस ने दबोचा, NBW जारी होने के बाद घर से गिरफ्तारी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। लूट के मुकदमे में करीब दो वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपी को हीरानगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) की तामील करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को उसके घर से दबोचा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौकी हीरानगर पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट पर कार्रवाई करते हुए अजय कुमार पुत्र कुन्दन राम (करीब 25 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-01, डाक बंगला बंदोबस्ती, कालाढूंगी, नैनीताल को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ फौजदारी वाद संख्या 851/2022 में धारा 392/411 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।
वारंट की तामील के लिए पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान पुलिस को सफलता मिली और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, चौकी प्रभारी हीरानगर, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल गिरीश तथा कांस्टेबल अमनदीप कालाढूंगी शामिल रहे।










