चार राज्यों में चोरी की वारदातें, मुखानी पुलिस के हत्थे चढ़ा इंटर-स्टेट नकबजन गैंग का सदस्य।

चार राज्यों में चोरी की वारदातें, मुखानी पुलिस के हत्थे चढ़ा इंटर-स्टेट नकबजन गैंग का सदस्य।

 

उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

 

 

हल्द्वानी। कोतवाली मुखानी पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर इंटर-स्टेट नकबजन गैंग के सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पूछताछ में गैंग द्वारा उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की जानकारी सामने आई है। गैंग के दो अन्य सदस्य वर्तमान में कर्नाटक पुलिस की गिरफ्त में बताए जा रहे हैं।

 

 

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में चोरी और नकबजनी की घटनाओं के अनावरण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

यह भी पढ़ें 👉  नंदा देवी महोत्सव में सुरक्षा का चाक-चौबंद इंतजाम, ड्रोन से चप्पे-चप्पे पर नजर।

 

 

 

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को नवीन पनेरु निवासी लालपुर नायक, हल्द्वानी ने घर में चोरी की तहरीर दी थी। बताया गया कि 27 से 30 अगस्त के बीच अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली थी। मामले में कोतवाली मुखानी में FIR संख्या 137/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

 

 

 

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा सुरागरसी-पतारसी के जरिए आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस को मिले सुराग के आधार पर 21 सितंबर 2026 को ग्रिनवुड ग्लोबल स्कूल के पास से तारिक फहीम (45) पुत्र मौ. सलीम, निवासी ग्राम अकरौली, थाना बनियाठेर, जिला संभल, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर में 23 जनसेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण, सात निर्धारित स्थल से बाहर मिले; एक केंद्र बंद कराया।

 

 

 

आरोपी के कब्जे से दो पीली धातु की चेन, दो पीली धातु के टॉप्स और दो सफेद धातु की पायल बरामद हुईं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पूछताछ में सामने आया गैंग का नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी कदीर पुत्र छोटे खां और जफर पुत्र तौफीक, दोनों निवासी ग्राम अकरौली, थाना बनियाठेर, जिला संभल, के साथ मिलकर रक्षाबंधन की रात मुखानी क्षेत्र में एक घर का ताला तोड़कर चोरी की थी। चोरी किए गए जेवरात और नगदी को तीनों ने आपस में बांट लिया था। तारिक अपने हिस्से के जेवर बेचने के लिए हल्द्वानी पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे चोरी के माल समेत गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  ब्रेकिंग न्यूज़ - मीट मार्केट में नियमों की खुलेआम धज्जियां, जनता की सेहत से खिलवाड़ पर FDA का शिकंजा।

पुलिस के मुताबिक, जांच में गैंग द्वारा उत्तराखंड के मुखानी, उत्तर प्रदेश के बनियाठेर, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और कर्नाटक के उडुपी में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की जानकारी सामने आई है। गैंग के कदीर और जफर को कर्नाटक पुलिस द्वारा अन्य आपराधिक मामले में गिरफ्तार किए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी संबंधित पुलिस से जुटाई जा रही है।

 

 

 

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपा भट्ट, चौकी प्रभारी आरटीओ, उपनिरीक्षक सुनील गोस्वामी, कांस्टेबल सुनील आर्य और कांस्टेबल बलवंत सिंह शामिल रहे।

पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने टीम के लिए 1,500 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। साथ ही उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिसकर्मी को अलग से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।