
ऑपरेशन प्रहार में नैनीताल पुलिस का बड़ा एक्शन, लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटी गिरफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
लालकुआं। न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई तेज कर दी है। अभियान के तहत बिंदुखत्ता पुलिस ने आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले में न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) और धारा 82 की कार्रवाई के बाद दो अभ्यस्त वारंटियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में कानून व्यवस्था मजबूत करने और न्यायालयों से जारी आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। चौकी बिंदुखत्ता पुलिस को न्यायालय द्वारा आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत जारी गैर-जमानती वारंट की तामीली के साथ धारा 82 सीआरपीसी की उद्घोषणा/आदेशिका की तामीली के लिए लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस टीम ने लगातार दबिश और तलाश के बाद दोनों वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राम सिंह पुत्र प्रीतम सिंह और जसविन्दर पुत्र गुरदीप सिंह, दोनों निवासी धौरा डैम, नजीमाबाद, थाना किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गौरव जोशी, चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता, कांस्टेबल प्रहलाद सिंह और कांस्टेबल दयाल नाथ शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस के अनुसार ऑपरेशन प्रहार के तहत न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले वारंटियों और लंबे समय से फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि न्यायालय से जारी आदेशों की तामीली सुनिश्चित कराने के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी प्रभावी रूप से चलाया जाएगा।







