
विज्ञान शिक्षा में नवाचार की मिसाल बनीं डॉ. विजेता बिष्ट, राज्य स्तर पर मिला सम्मान।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल/देहरादून। विज्ञान शिक्षा को सरल, रोचक और प्रयोगधर्मी बनाने की दिशा में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. विजेता बिष्ट को विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) की ओर से देहरादून स्थित विज्ञान धाम में आयोजित 21वें उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मेलन-2026 में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
25 और 26 अक्टूबर को आयोजित सम्मेलन के समापन समारोह में उत्तराखंड की पूर्व मुख्य सचिव एवं वर्तमान मुख्य सूचना आयुक्त राधा रतूड़ी और पूर्व पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान 35 युवा वैज्ञानिकों को यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड और तीन युवा महिला वैज्ञानिकों को युवा महिला वैज्ञानिक पुरस्कार प्रदान किए गए।
डॉ. विजेता बिष्ट नैनीताल जनपद के कनकपुर स्थित राजकीय बालिका हाईस्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। वे विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को प्रयोगों, गतिविधियों और दैनिक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से सरल बनाने के लिए प्रयासरत हैं। उनका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करना है।
डॉ. बिष्ट को इससे पहले जिला श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान, देवभूमि उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान और यूकॉस्ट का विज्ञान प्रयोगधर्मी महिला सम्मान भी मिल चुका है। उनकी उपलब्धि विज्ञान शिक्षा में नवाचार और विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने के प्रयासों को नई पहचान देती है।



