
विकासखंड कार्यालयों पर CDO का बड़ा एक्शन! 12 कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश, भीमताल के 3 कार्मिकों की सेवा समाप्ति की संस्तुति।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को विकासखंड कार्यालय हल्द्वानी का औचक निरीक्षण कर सरकारी कामकाज में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान 5 कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जबकि 7 कर्मचारी बिना अवकाश स्वीकृत कराए छुट्टी पर पाए गए। सीडीओ ने सभी 12 कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित तिथि का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने वीबी-जी राम जी, एनआरएलएम, विधायक निधि, सांसद निधि, पंचायतीराज, युवा कल्याण, समाज कल्याण और लघु सिंचाई सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। विधायक निधि, सांसद निधि, राज्य वित्त और 15वें वित्त आयोग की धनराशि का पूर्ण उपयोग नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को जल्द बजट खर्च करने के निर्देश दिए।
वहीं, भीमताल विकासखंड में भी लापरवाही का मामला सामने आया। खंड विकास अधिकारी द्वारा बिना अवकाश स्वीकृत कराए और पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने पर सीडीओ ने स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
इतना ही नहीं, भीमताल कार्यालय में अनुपस्थित मिले तीन कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी नैनीताल को संस्तुति भेजने की बात कही गई है। सीडीओ की इस कार्रवाई से विकासखंड कार्यालयों में हड़कंप मचा हुआ है।












