
रामनगर की बेटी मानसी बिष्ट ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान! राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता में भाला फेंककर दिखाएंगी दम, प्रदेश का करेंगी प्रतिनिधित्व।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। प्रतिभा और मेहनत के दम पर रामनगर की बेटी मानसी बिष्ट ने खेल के मैदान में अपनी अलग पहचान बनाई है। राजकीय इंटर कॉलेज क्यारी की कक्षा 12वीं की छात्रा मानसी बिष्ट का चयन 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित प्रतियोगिता में भाला फेंक स्पर्धा में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
मानसी ने इससे पहले रुद्रपुर के मनोज सरकार स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता में अंडर-19 बालिका वर्ग की भाला फेंक स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की की।
मानसी की इस सफलता से क्यारी गांव के साथ ही रामनगर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मानसी के पिता हीरा सिंह बिष्ट और माता किरन बिष्ट गांव में अपना स्वरोजगार करते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश चंद्र खैरी, खेल शिक्षक गोविंद माधव, अशेष अग्रवाल, अमित चौधरी, प्रकाश पपनोई सहित समस्त शिक्षकों और ग्राम प्रधान नवीन सती ने मानसी को शुभकामनाएं देकर देहरादून से राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रवाना किया।
अब रामनगरवासियों की निगाहें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मानसी के प्रदर्शन पर टिकी हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि मानसी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपने शानदार प्रदर्शन से उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।












